रांची। जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली और आंदोलनकारी छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों के विरोध में मंगलवार को प्रदेश भाजपा ने राज्यव्यापी 'हल्लाबोल' अभियान की शुरुआत की। रांची, दुमका, जमशेदपुर, हजारीबाग और गढ़वा में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान सभी जिलों में उपायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला गया और जनसभाएं आयोजित की गईं। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रों पर दर्ज झूठे मुकदमों को तुरंत वापस लेने और परीक्षा प्रक्रियाओं की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई।
रांची में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने नेतृत्व करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह छात्र विरोधी है।
दुमका में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार ने पहले इस आंदोलन को कुचलने की कोशिश की और फिर कूटनीति से इसे स्थगित कराकर निर्दोष छात्रों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर दिए।
हजारीबाग में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, जमशेदपुर में पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और गढ़वा में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने पैदल मार्च की कमान संभाली और सरकार के खिलाफ हुंकार भरी।
भाजपा का फ्लॉप शो : कांग्रेस
रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने भाजपा के रांची उपायुक्त कार्यालय घेराव को राजनीतिक नौटंकी और फ्लॉप शो करार दिया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रदर्शन को भाजपा छात्रों और युवाओं का आंदोलन बता रही है, उसमें युवाओं का वास्तविक समर्थन पूरी तरह नदारद था।
