रामगढ़। रोटरी हॉल रामगढ़ में मंगलवार की शाम भारत विकास परिषद, रामगढ़ का छठा पद स्थापना एवं शपथ ग्रहण समारोह उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत निवृत्ति गुप्ता की गणेश वंदना से हुई। मंच संचालन उमेश राजगढ़िया ने किया।

समारोह के मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, विशिष्ट अतिथि दक्षिण झारखंड प्रांत के महासचिव अरुण कुमार मिश्रा एवं प्रांतीय संपर्क सचिव नवीन पाठक रहे। संस्थापक अध्यक्ष गोविंद मेवाड़ ने अतिथियों और सदस्यों का स्वागत किया। निवर्तमान सचिव मनमोहन सिंह लांबा ने अपने दो वर्षों के कार्यकाल का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।

इसके बाद प्रांतीय महासचिव अरुण कुमार मिश्रा ने नई कार्यकारिणी की घोषणा कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अनिल कुमार गोयल को अध्यक्ष और प्रदीप कुमार शर्मा को सचिव बनाया गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल कुमार गोयल ने अपने कार्यकाल में कम से कम 51 निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग करने का संकल्प लिया। साथ ही महिला सशक्तीकरण के लिए प्रभावी कार्य करने की बात कही। पर्यावरण संरक्षण के तहत रामगढ़ शहर में 101 कल्पवृक्ष लगाने और उनके संरक्षण की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने की घोषणा भी की। समारोह में निशा जैन, प्रीति सिंह, सत्येंद्र सिंह, सीटू सलूजा और दीपक अग्रवाल को परिषद की सदस्यता दिलाकर शपथ दिलाई गई। कल्प शक्ति फाउंडेशन, रांची के अध्यक्ष निखिल मेहुल ने कल्पवृक्ष अभियान की जानकारी देते हुए इसके पर्यावरणीय और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि विधायक रोशन लाल चौधरी ने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं। प्रांतीय पदाधिकारियों ने संगठन की सेवा गतिविधियों को और व्यापक बनाने का आह्वान किया। सचिव प्रदीप कुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में परिषद के बड़ी संख्या में सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।