जमशेदपुर। जुगसलाई के एमई स्कूल रोड एवं महतो पाड़ा रोड स्थित मेडीवर्ल्ड के समीप एक गहरे गड्ढे में लगातार हो रही बारिश के कारण भारी मात्रा में पानी जमा हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी के कारण आसपास की मिट्टी कटने और धंसने लगी है, जिससे आसपास के मकानों की नींव और संरचना को खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मौके पर करीब 20 फीट लंबा और 10 फीट गहरा गड्ढा है, जो लगातार बारिश के कारण पानी से भरता जा रहा है। इस संबंध में उपायुक्त, एसडीएम, जुगसलाई नगर परिषद/नगर निगम के संबंधित अधिकारियों और उप महापौर को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गड्ढे से पानी की निकासी नहीं कराई गई और इसे सुरक्षित तरीके से नहीं भरा गया, तो मिट्टी धंसने से अप्रिय घटना हो सकती है। लंबे समय तक पानी जमा रहने से मच्छरजनित बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर पानी की निकासी कराने और गड्ढे को सुरक्षित तरीके से भरवाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हर गुजरते दिन के साथ आसपास के मकानों और लोगों की सुरक्षा का खतरा बढ़ता जा रहा है।
