रांची। पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को झारखण्ड विधानसभा परिसर में उन्हें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित अन्य भाजपा नेताओं के अलावा विधानसभा पदाधिकारियों की ओर से भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान भाजपा नेताओं द्वारा देशहित में उनके विशिष्ट योगदान को याद करते हुए उनके मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया गया। मौके पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु रहे हैं। जब भी झारखंड की चर्चा होती है, अटलजी का नाम स्वत: पूरे झारखंडवासियों के स्मृति पटल पर उभर आता है। झारखंड निर्माण का श्रेय सिर्फ अटल बिहारी वाजपेई को जाता है। झारखंड गठन की राह में कई झंझावत थे। जहां से राज्य अलग हो रहा था वहां जिनकी सत्ता थी वे लोग प्रारंभ में इसका जोरदार विरोध कर रहे थे। फिर अटल बिहारी वाजपेई जैसे व्यक्तित्त्व ने उन सारी रुकावटों और विरोध का पटाक्षेप करते हुए अलग राज्य का मार्ग प्रशस्त किया और झारखंडवासियों को अलग राज्य की सौगात दी। पूरा झारखंड उनका सदैव ऋणी रहेगा। संगठन महामंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई असाधारण व्यक्तित्व के धनी एक दूरदर्शी राजनेता थे। इस दौरान महापौर रोशनी खलखो सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे। वहीं विधान सभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार के अलावा अनुप लाल, विष्णु पासवान एवं विधानसभा सचिवालय के अन्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें स्मरण किया।
आज खास
ब्रेकिंग
