बेरमो। पेटरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत पिछरी दक्षिणी पंचायत के पिछरी नहर के समीप बीती रात पेटरवार प्रखंड प्रमुख शारदा देवी और वरिष्ठ भाजपा नेता सह समाजसेवी देवीदास सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अवैध कोयला लदे लगभग 15 ट्रैक्टरों को घेराबंदी कर रोक लिया। मामले की जानकारी देते हुए भाजपा नेता देवीदास और प्रखंड प्रमुख शारदा देवी ने बताया कि अवैध कोयला परिवहन की सूचना तुरंत पेटरवार थाना प्रभारी को दी गई थी। पुलिस प्रशासन की ओर से लगातार 'आ रहे हैं' का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन 3 घंटे बीत जाने के बाद भी पेटरवार पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। अंततः मजबूर होकर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं को कोयला लदे सभी ट्रैक्टरों को छोड़ना पड़ा। वहीं, इस मामले पर पक्ष पूछते ही पेटरवार थाना प्रभारी ने आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। हालांकि, जब पुलिस वहां पहुंची तो नहर के समीप न तो कोई कोयला लदा ट्रैक्टर मिला और न ही कोई व्यक्ति वहां मौजूद था।