जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के मुख्य गेट पर बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक स्थानीय निवासी ने अपने ऊपर केरोसिन तेल छिड़ककर आत्महत्या करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर तैनात मुस्तैद सुरक्षा जवान की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। जवान ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए व्यक्ति के हाथ से लाइटर छीन लिया और उसे इस आत्मघाती कदम से रोक लिया।

पीड़ित व्यक्ति राजेंद्र नगर का रहने वाला है। उसका आरोप है कि इलाके की एक कमेटी में करीब 10 लाख रुपये का गबन किया गया है और कमेटी में लगातार गड़बड़ियां हो रही हैं। पीड़ित का कहना है कि वह पिछले कई महीनों से इसकी शिकायत जिला प्रशासन के अधिकारियों से कर रहा है, लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अधिकारियों के टालमटोल रवैये से तंग आकर और हताशा में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

घटना के दौरान पीड़ित ने अपने गले में एक दस्तावेज लटका रखा था, जिसे उसने न्यायालय का स्टे ऑर्डर बताया। उसका कहना था कि कोर्ट का आदेश होने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिल रहा है और वह प्रशासनिक व्यवस्था से पूरी तरह निराश हो चुका था।

घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह व्यक्ति को समझा-बुझाकर शांत कराया और पूछताछ के लिए थाने ले गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कमेटी पर लगे आरोपों तथा अदालत के दस्तावेजों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। प्रशासन और संबंधित कमेटी का पक्ष सामने आने के बाद ही इस मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।