हुसैनाबाद। त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चोरी समेत आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मंगलवार को हुसैनाबाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आईपीएस दिव्यांश शुक्ला और पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी चंदन कुमार के संयुक्त नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और जपला-छतरपुर मुख्य सड़क के नहर मोड़ इंट्री पॉइंट पर वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहनों की डिक्की, बिना हेलमेट चलने वाले बाइक चालकों, संदिग्ध वाहनों, मॉडिफाइड नंबर प्लेट और जरूरी कागजातों की जांच की। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की हिदायत भी दी। इस दौरान सड़क किनारे कई मोटरसाइकिलें खड़ी मिलीं, जिनसे यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने आसपास के लोगों से कई बार पूछताछ कर मोटरसाइकिलों के मालिकों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई दावेदार सामने नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने लावारिस हालत में खड़ी मोटरसाइकिलों को जब्त कर थाने पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एंटी क्राइम चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अफवाह पर न ध्यान दे ना ही फैसलायें श्री शुक्ला ने कहा कि दुर्गा पूजा में खलल या सौहाद्र बिगाड़ने वालों की खैर नहीं रहेगी। अभियान में थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षा बल के जवान शामिल थे।