बोकारो। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार से सवाल पूछना जनता का अधिकार और राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। प्रदेश में विज्ञापनों और दावों से इतर ज़मीनी हकीकत का मूल्यांकन होना चाहिए। वे बुधवार को बोकारो के बारी को-ऑपरेटिव सामुदायिक भवन में आयोजित आजसू पार्टी के मिलन समारोह में बोल रहे थे।
सुदेश महतो ने राज्य की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कागजी योजनाओं से गरीबों का इलाज नहीं होता। सरकारी अधिकारियों की कार्यक्षमता का आकलन उनकी राजनीतिक पहुँच के बजाय जनता की समस्याओं के समाधान से होना चाहिए।
समारोह में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, डुमरी विधानसभा प्रभारी यशोदा देवी सहित कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में संदीप चौधरी, रोशन कुमार, पूर्व वार्ड पार्षद आलोक सहित सैकड़ों युवाओं और महिलाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
