जमशेदपुर। शंख, डमरू और मंजीरे की गूंज के बीच रविवार को बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित नि:शुल्क कांवर यात्रा के तहत 1000 कांवरियों का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ। गेरुआ वस्त्र धारण किए कांवरियों के बोल-बम के जयकारों से पूरा डिमना रोड शिवमय हो उठा।

कांवरियों को आशीर्वाद देकर रवाना करने के लिए भारत सेवाश्रम संघ के प्रमुख श्रीधर जी महाराज, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कदमा, सोनारी, बिष्टुपुर, साकची और मानगो क्षेत्र से पंजीकृत कांवरिए डिमना रोड स्थित हीरा होटल के सामने दुर्गा पूजा मैदान में एकत्रित हुए। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। 11 पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ कांवरियों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद जैसे ही जत्था रवाना हुआ, ढोल, मंजीरा और शंखनाद के बीच पूरा डिमना रोड गेरुआ रंग में रंग गया।

151 श्रद्धालुओं से शुरू हुई थी यात्रा

संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि यह यात्रा का नौवां वर्ष है। इसकी शुरुआत 151 श्रद्धालुओं के साथ हुई थी। कोविड-19 के दौरान दो वर्ष यात्रा स्थगित रही। अब इस वर्ष 1000 श्रद्धालु नि:शुल्क कांवर यात्रा में शामिल होकर बाबा नगरी जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आठ दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए वाहन, धर्मशाला, भोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वास्थ्य सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सुल्तानगंज में उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरने के बाद कांवरिए पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। रास्ते में विभिन्न धर्मशालाओं में भोजन और विश्राम की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए डॉक्टर, दवाइयों के साथ एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है।

कांवरियों की सेवा और देखभाल के लिए 65 सदस्यीय सेवक दल साउथ बिहार एक्सप्रेस से पहले ही सुल्तानगंज रवाना हो चुका है। बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण के बाद श्रद्धालु बासुकीनाथ धाम जाएंगे और वहां पूजा-अर्चना के बाद जमशेदपुर लौटेंगे।

इस अवसर पर राजकुमार श्रीवास्तव, योगेश्वर ठाकुर, करणी सेना अध्यक्ष हरी सिंह राजपूत, अनमोल वर्मा, बिपिन झा, विष्णु भगवान पाठक, खगेन चंद्र महतो, हरेन्द्र पांडे, अमरनाथ सिंह, आशुतोष सिंह, विक्रम यादव, किशोर वर्मन, गिरीश सिंह, मो. नौशाद, हेमंत सिंह, विनोद सिंह, रेनू शर्मा, छोटे लाल सिंह, राजकिशोर सिंह, प्रीति सिन्हा, मधु सिन्हा, रवींद्रनाथ दे, बच्चू मुखर्जी, राजेश साहू, मनोज ओझा, अशोक यादव, प्रभु यशवाल, शिव यशवाल, अखिलेश सिंह, डॉ. अनिल सिंह, धीरज झा, विशाल पारीक सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।