देवघर। एम्स, देवघर के दूसरे दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मेडिकल क्षेत्र में सफल छात्र-छात्राओं को डिग्रियां और मेडल प्रदान किए। इस गरिमामयी समारोह में एमबीबीएस, नर्सिंग और एमडी-एमएस के विद्यार्थियों को डिग्रियां सौंपी गईं, जबकि 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से पुरस्कृत और सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने युवा डॉक्टरों से ग्रामीण और वंचित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने की अपील की। इसके साथ ही, उन्होंने भारतीय संस्कृति और आधुनिकता के मेल पर विशेष जोर दिया और सुदूर तथा जनजातीय क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से दवाइयां और आपातकालीन चिकित्सा सामग्री पहुंचाने की एम्स देवघर की अनूठी पहल की सराहना की।
कार्यक्रम की शुरुआत उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इस दीक्षांत समारोह में कई दिग्गज नेता और गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और देवघर विधायक सुरेश पासवान थे।
इससे पहले, भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन विशेष विमान से शनिवार को देवघर पहुंचे, जहां झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उनके साथ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव भी इस दौरे पर उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति ने देवघर के दर्दमारा स्थित बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट परिसर में आयोजित सैन्य संपर्क मेला में भी हिस्सा लिया, जहां उन्होंने सुरक्षा बलों को संबोधित करते हुए देश की सुरक्षा में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।
