अहमदाबाद/गढ़वा : गुजरात के अहमदाबाद स्थित एसजी हाईवे पर निरमा यूनिवर्सिटी के सामने एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत ('ट्रेमोंट एडलिप') में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 22 वर्षीय युवक प्रीतम सिंह का शव 32वीं मंजिल पर क्रेन से लटका हुआ मिला। मृतक मूल रूप से झारखंड के गढ़वा जिले का रहने वाला था और पिछले कई सालों से इसी साइट पर क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था।
आसपास के लोगों के अनुसार, युवक का शव मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक क्रेन से लटका रहा। सुबह करीब 8 बजे जब लोग मौके पर पहुंचे, तब घटना का पता चला और निर्माण स्थल पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सोला पुलिस स्टेशन की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। बिल्डिंग की 32वीं मंजिल पर अत्यधिक ऊंचाई होने के कारण शव को नीचे उतारने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने शव को सुरक्षित नीचे उतारा और पंचनामा कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
सोला पुलिस स्टेशन के पीआई के.एन. भूकन ने बताया कि क्रेन से शव लटके होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्राथमिक दृष्टि में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और साइट पर काम करने वाले अन्य परिचितों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। मृतक के परिजनों को गढ़वा सूचना भेज दी गई है।
