गोड्डा। जिले के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुशहा गांव में मंगलवार सुबह खेल मैदान के पास पगडंडी किनारे कपड़े में लिपटा एक लावारिस नवजात शिशु जीवित मिला। खेत जा रहे एक किसान ने बच्चे के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद पुलिस टीम के साथ पहुंचे और नवजात को तुरंत महागामा रेफरल अस्पताल ले गए। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा रेफर कर दिया है। पुलिस की निगरानी में बच्चे का इलाज जारी है और मामले की छानबीन की जा रही है।
