डुमरिया। प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का उद्घाटन 18 अगस्त को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री इरफान अंसारी करेंगे। पोटका विधायक संजीव सरदार के आग्रह पर मंत्री उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान विधायक समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। यह जानकारी झामुमो डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन ने दी।
प्रेस वार्ता में मिर्जा सोरेन ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार डुमरिया प्रखंड में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण हुआ है। विधायक संजीव सरदार के प्रयास से अब प्रखंड की 10 पंचायतों के हजारों लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
सीएचसी प्रभारी डॉ. पाराव माझी ने बताया कि अस्पताल में 30 बेड के साथ आवश्यक रक्त जांच, गैर-संचारी रोगों (NCD) की जांच व सेवाएं और किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा उपलब्ध होगी। अस्पताल 24 घंटे संचालित किया जाएगा।
अस्पताल परिसर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट भी संचालित होगी। यहां टीबी, मलेरिया, पीलिया समेत विभिन्न बीमारियों की जांच की सुविधा के साथ हाईटेक एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेगी। इस दौरान झामुमो प्रखंड सचिव जयपाल सिंह मुर्मू, कोषाध्यक्ष अर्जुन मुर्मू समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
