डुमरिया। डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बने 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उद्घाटन किया। समारोह में पोटका विधायक संजीव सरदार, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रदीप बालमुचू समेत कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

आजादी के बाद पहली बार मिला अस्पताल : संजीव सरदार

पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार डुमरिया को अपना 30 बेड का अस्पताल मिला है। झारखंड गठन के 26 वर्ष बाद क्षेत्र में यह बड़ी स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हुई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की मांग यहां पीढ़ियों से चली आ रही थी। उन्होंने अस्पताल में पर्याप्त मैनपावर और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी मंत्री के समक्ष रखी।

सरदार ने कहा कि डुमरिया के बाद अब पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य भवन बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को घर के नजदीक इलाज की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि पोटका में स्वास्थ्य के साथ सड़क, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास का काम भी जारी रहेगा।

जल्द मिलेगा रिम्स-2 : इरफान अंसारी

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। आने वाले दिनों में राज्य को रिम्स-2 की सौगात मिलेगी। उन्होंने पोटका विधायक संजीव सरदार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र को स्वास्थ्य के क्षेत्र में जल्द कई और सौगातें मिलेंगी।

30 बेड के साथ कई जांच की सुविधा

नवनिर्मित अस्पताल में 30 बेड के साथ विभिन्न प्रकार की रक्त जांच, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) सेवाएं और किशोर स्वास्थ्य परामर्श केंद्र की सुविधा होगी। अस्पताल 24 घंटे संचालित होगा। ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के माध्यम से टीबी, मलेरिया, पीलिया समेत अन्य आवश्यक जांच भी उपलब्ध कराई जाएगी। उद्घाटन के बाद अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य मंत्री, विधायक समेत अन्य अतिथियों ने पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ स्वच्छ और हरित वातावरण भी जरूरी है।

समारोह में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, सीओ पवन कुमार, बीडीओ निलेश कुमार मुर्मू, झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, मिर्जा सोरेन, भगत बसके समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।