​देवघर। सावन पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार दोपहर बाद से बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए स्पर्श पूजा पुनः प्रारंभ हो जाएगी। दोपहर में मंदिर से अरघा हटा लिया जाएगा, जिसके बाद भक्त सीधे ज्योतिर्लिंग का स्पर्श कर जलार्पण कर सकेंगे।

​श्रावणी मेला के समापन के साथ ही मंदिर प्रशासन द्वारा यह व्यवस्था लागू की जा रही है। अरघा हटने के पश्चात सरदार पंडा गुलाबनंद ओझा, उपायुक्त सौरभ भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, मंदिर प्रभारी रवि कुमार एवं अन्य पुरोहितों की उपस्थिति में कामना लिंग की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके तुरंत बाद आम श्रद्धालुओं को स्पर्श पूजा की अनुमति दे दी जाएगी।

​उल्लेखनीय है कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए बीते एक माह से स्पर्श पूजा स्थगित रखी गई थी। भक्तों की सुगमता और सुरक्षित जलार्पण के लिए आंतरिक और बाह्य अरघा की व्यवस्था की गई थी, जिससे लाखों कांवरियों ने आसानी से जल चढ़ाया। अब मेला समाप्त होने के साथ ही पुरानी व्यवस्था बहाल की जा रही है।