रांची।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आगामी 9 और 10 अगस्त को 'विश्व आदिवासी महोत्सव 2026' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे। इसका औपचारिक उद्घाटन दोपहर 1.30 बजे होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं और पूरे मैदान को आकर्षक एवं पारंपरिक रूप से सजाया जा रहा है। इस दो दिवसीय महोत्सव में देशभर से 5,000 से अधिक कलाकारों के जुटने की उम्मीद है।
मोरहाबादी मैदान पूरी तरह से आदिवासी संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली के रंगों में रंगने को तैयार है। देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों से आने वाले कलाकार अपनी पारंपरिक कला, लोक नृत्य और संगीत की जीवंत प्रस्तुतियां देंगे। यह आयोजन विभिन्न क्षेत्रों की समृद्ध जनजातीय परंपराओं को एक ही मंच पर लाने का एक बड़ा माध्यम बनेगा।
महोत्सव में आने वाले आगंतुकों को आदिवासी समाज की जीवनशैली और खान-पान को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। आयोजन स्थल पर जनजातीय खान-पान से जुड़े विशेष स्टॉल लगाए जा रहे हैं। पारंपरिक पहनावे, लोक कला, और हस्तशिल्प की प्रदर्शनियों और बिक्री के लिए स्टॉल सज रहे हैं। आदिवासी महोत्सव 2026 केवल सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर जनजातीय समाज की ऐतिहासिक विरासत, कला और जीवन मूल्यों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित करने का संकल्प है। इस भव्य आयोजन को लेकर राजधानीवासियों और दूर-दराज से आनेवाले पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह है।
