बोकारो। तेनुघाट बांध के जलग्रहण क्षेत्र में जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज किए जाने के बावजूद एहतियातन पानी की निकासी जारी है। तेनुघाट बांध प्रमंडल की ओर से आज सुबह 6 बजे जारी जलाशय स्तर प्रतिवेदन के अनुसार बांध का जलस्तर घटकर 846.80 फीट (258.10 मीटर) पर पहुंच गया है। तमाम संबंधित विभागों और निचले इलाकों के प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के लिए सूचना जारी कर दी गई है। बांध से फिलहाल 7,250 क्यूसेक प्रति सेकंड की दर से पानी छोड़ा जा रहा है। जल निकासी के लिए 8 रेडियल गेट और 1 अंडर स्लूस गेट (कुल 9 गेट) खोले गए हैं।बीते 24 घंटों में (सुबह 8:30 बजे तक) क्षेत्र में कोई वर्षा दर्ज नहीं की गई है।वर्तमान में कुल सकल जल संचयन 38,441 हेक्टेयर मीटर और जीवित जल संचयन 22,236 हेक्टेयर मीटर दर्ज किया गया है।बांध का अधिकतम संरक्षण स्तर 852 फीट (क्षमता: 44,526 हेक्टेयर मीटर) है। वर्तमान जलस्तर अधिकतम क्षमता से लगभग 5.20 फीट नीचे बना हुआ है। तेनुघाट बांध प्रमंडल के बाढ़ नियंत्रण कोषांग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जल स्तर और निकासी की विस्तृत रिपोर्ट झारखंड के जल संसाधन विभाग और पश्चिम बंगाल के सिंचाई एवं जलमार्ग विभाग को भेज दी है। बांध के स्पिलवे पर तैनात कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।