मेदिनीनगर। पुलिस ने पलामू और गढ़वा के सीमावर्ती इलाकों में दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में इमरान मियां, सरातुल मियां, शहबाज मियां, तबरेज आलम, इसराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेरू मियां और पालू मियां (सभी निवासी बंदुआ) शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि चैनपुर थाना क्षेत्र के बंदुआ गांव में 29 जुलाई को नाबालिग बच्ची से छेड़खानी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इस दौरान मारपीट, चाकूबाजी और गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के मोहम्मद सुलेमान की शिकायत पर 19 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। आज एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, एक गोली का खोखा और खून लगा ईंट बरामद किया गया है। चाकूबाजी की घटना को तबरेज आलम ने अंजाम दिया था, जबकि गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी आजाद मियां अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
