बोकारो। सेक्टर-12 थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 एफ में रविवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई। 60 वर्षीय प्रमिला देवी की उनके ही बेटे ने कथित तौर पर सबल से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घर से शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल प्रमिला देवी को सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी पुत्र खुद को घर के एक कमरे में बंद कर लिया। सूचना मिलने पर सेक्टर-12 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस ने उसे तोड़कर आरोपी को हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले गई। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी मां से बार-बार रुपये की मांग करता था। उसके पिता का वर्ष 2018 में निधन हो चुका है। पुलिस को आशंका है कि रुपये को लेकर हुए विवाद में हत्या की घटना हुई होगी। हालांकि, आरोपी पूछताछ में अलग-अलग बयान दे रहा है। पुलिस उसके बयानों की सत्यता की जांच कर रही है। घटना की सूचना पर सिटी डीएसपी राजीव रंजन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने फॉरेंसिक जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।