चतरा। समाहरणालय में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वन अधिकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यक्तिगत वन पट्टा दावों की समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान सिमरिया अनुमंडल के टंडवा अंचल अंतर्गत चिरलौंगा और उलातु गांव से प्राप्त 20 दावों पर विचार किया गया। वन अधिकार अधिनियम के मानकों के अनुसार जांच के बाद 6 दावों को स्वीकृति दी गई। स्वीकृत दावों का कुल क्षेत्रफल 13.53 एकड़ है।

वहीं, 14 दावों को निर्धारित मानकों की पूर्ति नहीं होने के कारण आवश्यक कार्रवाई और पुनर्विचार के लिए ग्राम वन अधिकार समिति को वापस भेजने का निर्णय लिया गया।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी दावों की जांच पारदर्शी और नियमानुसार करते हुए पात्र लाभुकों को समय पर लाभ दिया जाए।