जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन में लिप्त पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कागज की पुड़ियों में रखा कुल 15.76 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया है।

पुलिस को 15 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह स्थित ब्लॉक के पीछे अनाज गोदाम के पास कुछ युवक मादक पदार्थ का क्रय-विक्रय और सेवन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक छापेमारी टीम का गठन किया गया और मौके पर दबिश देकर पांचों आरोपियों को धर दबोचा गया।

पकड़े गए आरोपी गौतम कुमार सिंह (28 वर्ष), शिवम कुमार सिंह (19 वर्ष), सूरज कुमार तिवारी (25 वर्ष), अमरजीत कुमार सिंह (23 वर्ष), निवासी- गदड़ा, परसुडीह और अजय यादव (37 वर्ष) है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि परसुडीह निवासी उनका साथी मंजित उन्हें ब्राउन शुगर उपलब्ध कराता था।

थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुंडा के बयान पर परसुडीह थाना में कांड संख्या 107/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(A), 21(A), 22(A) और 29 में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मुख्य सप्लायर मंजित समेत अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।