रामगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पैतृक गांव नेमरा और गोला प्रखंड के लुकैयाटांड़ में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम के दौरान 4 अगस्त 2026 को बरलंगा थाना क्षेत्र के लुकैयाटांड़ और नेमरा में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके मद्देनजर अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार 4 अगस्त को सुबह 5 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक गोला-सिल्ली मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी।
आदेश के मुताबिक डीवीसी चौक (गोला) से सिल्ली मोड़ स्थित स्वर्णरेखा पुल तक सभी प्रकार के मालवाहक वाहन, ट्रक और भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह सिल्ली मोड़ स्वर्णरेखा पुल से डीवीसी चौक गोला तक भी भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
प्रशासन ने वाहन चालकों और परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय अवधि में इस मार्ग का उपयोग करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें। जिला प्रशासन का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
