देवघर। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर से 2 अक्टूबर को राज्यभर में ‘जल अर्पण दिवस’ मनाया जाएगा। इसे लेकर गुरुवार को देवघर में विभागीय सचिव अबु इमरान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
विभागीय सचिव ने सभी पूरी हो चुकी योजनाओं के लिए ‘हर घर जल’ सर्टिफिकेशन का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने जल स्रोतों की सुरक्षा पर जोर देते हुए इंटेकवेल के आसपास किसी भी प्रकार के खनन और बालू उठाव पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने का निर्देश दिया। योजनाओं के सुचारू संचालन और बेहतर रखरखाव के लिए जल शुल्क संग्रह बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
समीक्षा बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत भी कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए 5-स्टार ओडीएफ गांवों की संख्या बढ़ाने को लेकर विशेष अभियान चलाने की बात कही गई। वहीं, पूर्व में ओडीएफ प्लस घोषित किए जा चुके गांवों का भौतिक सत्यापन जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में डीसी सौरभ कुमार भुवानिया, डीडीसी देवघर समेत अन्य जिलों के अधिकारी, विभागीय इंजीनियर, अन्य विभागों के पदाधिकारी और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
