सिमडेगा। सिमडेगा जिले के केरसई थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षक पर 10 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ लंबे समय से दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 11 अक्टूबर 2026 को पीड़िता की नानी ने केरसई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में आरोप लगाया गया कि आरोपी शिक्षक जोलेन कुजूर लंबे समय से बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म कर रहा था। साथ ही, आरोपी ने पीड़िता को इस बारे में किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर केरसई थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।

सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी थी और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने इस मामले में केरसई थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 11 अक्टूबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 65(2) और 351(3) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4/6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।