रांची। हटिया के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित विकास नगर (रोड नंबर-2, दिव्या एन्क्लेव) में सोमवार को 28 वर्षीय महिला ने अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मीनू कुमारी के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।
घटना के संबंध में मृतका के भाई सुबोध कांत ने बताया कि सोमवार सुबह जब परिजन मीनू के घर पहुंचे और काफी देर तक आवाज देने पर भी दरवाजा नहीं खुला, तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा। अंदर मीनू फंदे से लटकी हुई मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।
स्वजनों के अनुसार मीनू के पति गौरव कुमार ठेकेदारी करते हैं। दो दिन पूर्व किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद गौरव बच्चों को लेकर पटना चले गए थे। पिछले दो दिनों से मीनू घर में अकेली थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के तनाव में आकर मीनू ने यह खौफनाक कदम उठाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
