रांची। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित जिला स्कूल परिसर में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। परिसर में बनी वर्षों पुरानी पानी की टंकी ध्वस्त होकर गिर गई। इस दुर्घटना में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि मलबे के नीचे कई अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका है।
मिली जानकारी के अनुसार स्कूल परिसर में पुरानी टंकी को हटाकर नई पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा था। बुधवार को मजदूर पुरानी टंकी के ढांचे को ध्वस्त करने का काम कर रहे थे, तभी अचानक पूरा ढांचा भरभराकर नीचे आ गिरा। हादसा होते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिहाज से घटनास्थल की घेराबंदी कर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के लिए तेजी से राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।
मृतक मजदूरों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि, मलबे में कुल कितने मजदूर दबे हैं और मृतकों की पहचान क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
