रांची। झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 12 से 15 अगस्त के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
12 और 13 अगस्त को सिमडेगा,पश्चिमी सिंहभूम,पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा दक्षिणी झारखंड के अन्य इलाकों में भी मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है।
14 अगस्त को रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
15 अगस्त को भी रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में भारी बारिश व वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शेष जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं।
