कोडरमा। चोपनाडीह पंचायत के बेलाडीह में शनिवार को अवैध बालू उठाव से जुड़े एक मामले को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आरोप है कि पुलिस ने बालू लदे ट्रैक्टरों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया। इससे नाराज बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मरकच्चो थाना की पुलिस गाड़ी को करीब दो घंटे तक घेरे रखा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों के अनुसार बेलाडीह के समीप नदी से रोजाना भारी मात्रा में ट्रैक्टरों के जरिए बालू का अवैध उठाव किया जाता है। शनिवार को पुलिस ने पहले एक ट्रैक्टर को जब्त किया। इसके बाद केशो नदी पुल के पास बालू से लदे कई अन्य ट्रैक्टर गांव के रास्ते से गुजर रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने तीन और बालू लदे ट्रैक्टरों को पकड़ा और गांव से बाहर ले गई, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर उनसे बालू खाली कराया और तीनों ट्रैक्टरों को छोड़ दिया।

ट्रैक्टरों को छोड़े जाने की खबर मिलते ही ग्रामीणों का सब्र टूट गया। उन्होंने पुलिस वाहन को चारों तरफ से घेर लिया और पुलिसकर्मियों से उन्हें छोड़ने की वजह पूछी। ग्रामीणों ने पुलिस पर बालू लदे ट्रैक्टरों से कथित अवैध वसूली का भी गंभीर आरोप लगाया, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई और पुलिस वाहन करीब दो घंटे तक घेराबंदी में फंसा रहा। ग्रामीणों का कहना था कि यदि ट्रैक्टर अवैध रूप से बालू का परिवहन कर रहे थे, तो उन पर कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उन्हें छोड़ क्यों दिया गया।