रांची। प्रशासन द्वारा 9-10 अगस्त को आयोजित होनेवाले आदिवासी महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है| इसे लेकर रांची जिला प्रशासन ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने मोराबादी मैदान का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रहे निर्माण और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया। सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान वंदना दादेल ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और आगंतुकों की सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव में आने वाले हजारों लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, सुचारु यातायात और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि महोत्सव पूरी तरह व्यवस्थित और सफल रहे। अपर मुख्य सचिव ने महोत्सव के मुख्य मंच, विभिन्न विभागों और संस्थाओं के स्टॉल, पार्किंग व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा| मौके पर उन्होंने कहा कि आदिवासी महोत्सव झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और प्रत्येक जिम्मेदारी का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करें। यह आयोजन राज्य की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इस दौरान उनके साथ कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री सहित अन्य विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।