चास (बोकारो)। दिल्ली पब्लिक स्कूल चास के दो विद्यार्थियों का चयन 10वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर गतका चैंपियनशिप 2026 के लिए झारखंड टीम में हुआ है। प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 17 अक्टूबर तक हरियाणा के फतेहाबाद में किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों में कक्षा दसवीं की रिया कुमारी और कक्षा छठी के रुद्र सिंह शामिल हैं। दोनों विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। वे कोच राहुल प्रताप के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
विद्यालय के प्रो-वाइस चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने दोनों विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना उनकी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से विद्यालय और झारखंड का गौरव बढ़ाएंगे ।
विद्यालय की निदेशिका एवं प्राचार्या डॉ. मनीषा तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनकी लगन, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
वहीं, डी.एस. मेमोरियल सोसाइटी, चास के सचिव सुरेश अग्रवाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व करना पूरे विद्यालय और समाज के लिए गर्व की बात है।
विद्यालय प्रबंधन ने कोच राहुल प्रताप के प्रयासों एवं मार्गदर्शन की भी सराहना की। दोनों खिलाड़ियों से झारखंड और विद्यालय का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई गई है।
