रांची। हुंडरू जलप्रपात में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। बिहार के आरा जिले से हुंडरू फॉल घूमने पहुँचे दो पर्यटक नहाने के दौरान 'मगतूमारा दह' के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को पानी में संघर्ष करते देख वहाँ ड्यूटी पर तैनात पर्यटक मित्र ने तत्परता दिखाई और बिना वक्त गँवाए पानी में कूदकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर मिली मदद से दोनों पर्यटकों की जान बच गई। हालाँकि, इस घटना के बाद कुछ देर के लिए जलप्रपात परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने बारिश के मौसम को देखते हुए पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मानसून के दौरान हुंडरू फॉल और उसके आसपास पानी का बहाव व गहराई अचानक बढ़ जाती है, जिससे खतरे की संभावना बनी रहती है। पर्यटकों को हिदायत दी गई है कि वे खतरनाक स्थानों (दह) में उतरने से बचें और परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
