​रांची। रांची नगर निगम ने शहरी नागरिकों को उनके घर के नजदीक बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। बुधवार को वार्ड संख्या 36 स्थित साहू चौक, पुंदाग में नए अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भव्य उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही वार्ड संख्या 06 के सामुदायिक भवन में भी नए केंद्र का संचालन शुरू कर दिया गया है। इन दो नए स्वास्थ्य केंद्रों की शुरुआत के साथ ही रांची निगम क्षेत्र में संचालित अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की कुल संख्या बढ़कर 27 हो गई है।

​पुंदाग में आयोजित उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि महापौर रोशनी खलखो रहीं। इस अवसर पर हटिया के विधायक नवीन जायसवाल, उप महापौर नीरज कुमार तथा वार्ड 36 की स्थानीय पार्षद निहारिका मुंडा की मौजूदगी रही।

​रांची नगर निगम का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों, विशेषकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के और करीब पहुंचाना है। इन केंद्रों के खुलने से स्थानीय निवासियों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज और प्राथमिक जांच के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा, जिससे उनके समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

​कार्यक्रम के दौरान सहायक लोक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आनंद शेखर झा, नगर प्रबंधक, नगर निगम की स्वास्थ्य शाखा के कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।