चतरा। चतरा मंडल कारा में बंद नक्सली संगठन टीएसपीसी के उग्रवादी मंटू गंझू (22वर्ष) उर्फ दिलेश जी ने शनिवार की देर रात करीब 12 बजे फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली। इस संबंध में जेल प्रशाशन ने सदर थाना में आत्महत्या का केस दर्ज कराया है।
मंटू गंझू पलामू जिला के मनातू थाना क्षेत्र के केवाल गांव का रहनेवाला था। घटना की पुष्टि करते हुए सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव ने बताया कि वह टीएसपीसी का नक्सली था। मंटू गंझू चतरा जिले में सक्रिय था। उसके खिलाफ चतरा जिले के कई थानों में कई मामले दर्ज थे। वर्तमान समय में कुंदा कांड संख्या 21/2024 धारा 341/323/385/387/456/34 आईपीसी, 25/1-a/26/35 आर्म्स एक्ट, 17 (1)(2) सीएलए एक्ट के तहत चतरा मंडल कारा में विचाराधीन कैदी के रूप में बंद था। थाना प्रभारी ने बताया कि जेल प्रशासन ने पुलिस को जानकारी दी है कि कैदी द्वारा देर रात करीब 12 बजे आत्महत्या के प्रयास के बाद सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन द्वारा सदर थाना में यूडी केस संख्या 12/26 दर्ज करवाया गया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम मेडिकल टीम द्वारा किया जा रहा है। दूसरी ओर मृतक के भाई संतु सिंह ने सदर थाना में आवेदन देकर जेल प्रशासन पर हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
