जामताड़ा। जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेंगायडीह गांव में मंगलवार दोपहर एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 5 वर्षीय आर्यन अंसारी, 6 वर्षीय नासिर अंसारी और 6 वर्षीय अमर सोहेल शामिल हैं। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे दोपहर में स्कूल से लौटने के बाद घर के पास खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे घर से करीब आधा किलोमीटर दूर चिरकटोला स्थित तालाब की ओर चले गए और नहाने या खेलने के क्रम में गहरे पानी में डूब गए।
मृतक आर्यन अंसारी गांव के ही एक निजी विद्यालय (सनशाइन पब्लिक स्कूल) में नर्सरी का छात्र था, जबकि नासिर अंसारी और अमर सोहेल राजकीय प्राथमिक विद्यालय चेंगायडीह में पहली कक्षा में पढ़ते थे।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और तीनों बच्चों ने दम तोड़ दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
