रामगढ़। रामगढ़ जिला पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर सहित तस्करी में प्रयुक्त कई सामान बरामद किए गए हैं।

पतरातू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने प्रेसवार्ता में बताया कि 24 जुलाई को रामगढ़ पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति बिना नंबर की काले रंग की बजाज मोटरसाइकिल से ब्राउन शुगर लेकर रामगढ़ की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

गठित टीम ने अंचलाधिकारी पतरातू की उपस्थिति में भदानीनगर ओपी गेट के सामने मुख्य मार्ग पर सघन वाहन जांच और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मतकमा चौक की ओर से आ रही एक बजाज मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर तीनों को पकड़ लिया।

एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत अंचलाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से 40 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 13.65 ग्राम पाया गया। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, क्रीम रंग का टेप का एक बंडल, बिना नंबर की बजाज मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एजाज अंसारी उर्फ विक्की, अजमत अंसारी और राहुल कुमार बेदिया के रूप में हुई है। तीनों पतरातू थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इस संबंध में भदानीनगर ओपी में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सत्येंद्र सिंह, भदानीनगर ओपी प्रभारी मो. अख्तर अली, पतरातू थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।