रांची। राजधानी रांची में स्वाइन फ्लू (H1N1) वायरस तेजी से अपने पांव पसार रहा है। मंगलवार को रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में जांच के दौरान तीन और मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, रिम्स में कुल चार संदिग्धों के सैंपल की जांच की गई थी, जिनमें से तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले सोमवार को दो संदिग्ध मरीज मिले थे जिसके बाद टेस्ट के लिए इसे रिम्स भेजा गया था। वहीं दो अन्य और मरीज टेस्ट कराने आए थे, जिसमें एक लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य में अब तक कुल 11 पॉजिटिव पाए गए हैं और 34 लोगों का टेस्ट हुआ है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्यव्यापी एडवाइजरी जारी कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सभी संक्रमितों को आइसोलेशन में रखकर उनका इलाज शुरू कर दिया गया है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।