रांची। राज्य सरकार अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों को जेपीएससी -जेएसएससी की निःशुल्क तैयारी कराएगी।इसके लिए अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण, झारखंड की ओर से 12 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन मंगाये गए हैं। अल्पसंख्यक वर्ग के स्नातक उत्तीर्ण और 35 वर्ष तक की आयु के छात्र इसका लाभ लेने को आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक कोचिंग योजना के सह सहायक नोडल पदाधिकारी गुलाम समदानी ने सूचना जारी की है। इसमें कहा गया है कि ऐसे आवेदक जिनके अभिभावक की सालाना आमदनी 8 लाख रुपये तक होगी, वे इसके लिए 12 अगस्त तक आवेदन करेंगे। आवेदक का झारखंड का निवासी होना जरूरी होगा। कोचिंग लाभ दिए जाने को 23 अगस्त को प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। 4 सितंबर को प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होगा। 15 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया आरंभ होगी और हज हाउस, रांची में कोचिंग क्लास की शुरुआत होगी।