​रांची। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। आने वाले समय में डेली मार्केट, न्यू मार्केट और अपर बाजार न केवल आधुनिक रूप में नजर आएंगे, बल्कि यहां खरीदारी, व्यापार और आवागमन का अनुभव भी बेहतर होगा।

​मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में द्वितीय चरण की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें एनबीसीसी (नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड) के अधिकारियों ने दुकानदारों के सुझावों के आधार पर तैयार किए गए पुनर्विकास के लेआउट और विस्तृत डिजाइन का प्रस्तुतीकरण दिया।

​प्रस्तावित योजना के तहत पुरानी जर्जर संरचनाओं को वर्तमान और भविष्य की जरूरतों के अनुसार नया रूप दिया जाएगा।बाजारों में जाम की समस्या खत्म करने के लिए मल्टी लेवल पार्किंग की विशेष व्यवस्था होगी।सुगम आवागमन, ट्रैफिक प्रबंधन, और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।ग्राहकों और व्यापारियों के लिए आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

​बैठक में सहायक नगर निवेशक सहित निगम के कई अन्य अधिकारी मौजूद थे। नगर निगम का उद्देश्य इन ऐतिहासिक बाजारों को नागरिक-केंद्रित और सुरक्षित व्यापारिक हब के रूप में विकसित करना है।