रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते को सीआईडी ने नोटिस जारी किया है । जरूरी पूछताछ के लिए आज उन्हें अपने कार्यालय बुलाया है । इस दौरान उनसे जांच एजेंसी 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा और अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी लेगी। इससे पहले सीआईडी की टीम ने ख्यांगते के कांके रोड स्थित सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय में उनके कक्ष की तलाशी ली थी। कई घंटों तक चली कार्रवाई के दौरान जांच अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। इसी दौरान परीक्षा संचालन से जुड़े कार्यालयों में भी जांच की गई थी।
जुटाए जा रहे साक्ष्य
अब तक की जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसी ने जेपीएससी कार्यालय से भर्ती परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज, ओएमआर शीट और कंप्यूटरों से डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा परीक्षा संचालन से जुड़े संस्थान से भी कई रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि इन दस्तावेजों और डिजिटल डेटा के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा और अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भर्ती जांच से जुड़े मामले में सीआईटी पहले ही करीब 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान कथित रूप से परीक्षा संचालन से जुड़े व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। एजेंसी लगातार साक्ष्य जुटाने और संबंधित लोगों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
