​रांची। झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी सह राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह-प्रभारी सौरव सिंह और निवेदिता सिंह का 4 और 5 अक्टूबर को राज्य का दो दिवसीय प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम तय हुआ है। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता विभिन्न सांगठनिक बैठकों और कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। संगठन महामंत्री पवन साय भी 5 अक्टूबर को सुबह छत्तीसगढ़ से रांची पहुंचेंगे।

​ 5 अक्टूबर (सोमवार) को सुबह 8:00 बजे प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल और प्रदेश सह-प्रभारी सौरव सिंह रांची एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत के बाद सभी नेता सुबह 9:45 बजे खूंटी स्थित उलिहातू पहुंचेंगे, जहां वे भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

​इसके बाद पूर्वाह्न 11:00 बजे वे खूंटी भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे और दोपहर 12:00 बजे खूंटी में ही एक कार्यकर्ता के आवास पर भोजन करेंगे।

​दोपहर 1:45 बजे नेताओं का आगमन रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगा। इसके बाद अपराह्न 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश पदाधिकारियों एवं सेवा संकल्प अभियान की प्रदेश टोली की संयुक्त बैठक में सभी प्रभारी शामिल होंगे।

प्रदेश सह-प्रभारी निवेदिता सिंह 4 अक्टूबर को देर शाम रांची एयरपोर्ट पहुंची, जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया।