चास(बोकारो)। दिल्ली पब्लिक स्कूल चास, बोकारो के आठवीं ‘ब’ के छात्र सूर्यांश का चयन 51वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए हुआ है। सूर्यांश ने डीपीएस चास बास्केटबॉल ट्रेनिंग सेंटर में नियमित प्रशिक्षण एवं अभ्यास के माध्यम से अपनी खेल प्रतिभा को निखारा है। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बोकारो जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के चार खिलाड़ियों को अवसर मिला है।

विदित हो कि आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित 51वीं सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 27 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। झारखंड की बालक एवं बालिका टीमें भी इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। ऐसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर सूर्यांश का चयन बोकारो तथा झारखंड के लिए गौरव की बात है। राष्ट्रीय स्तर पर चयन उनकी मेहनत, अनुशासन, खेल के प्रति समर्पण तथा प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उनके चयन से अन्य युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह और खेल के प्रति रुचि बढ़ने की उम्मीद है।

इस विषय पर अपने संदेश में विद्यालय के प्रो वाइस चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने सूर्यांश को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि सूर्यांश का राष्ट्रीय स्तर पर चयन विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उनकी सफलता निश्चित रूप से अन्य विद्यार्थियों को भी खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

विद्यालय की निदेशिका/प्राचार्या डॉ. मनीषा तिवारी ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सूर्यांश ने अपनी प्रतिभा और निरंतर अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उनका राष्ट्रीय टीम में चयन विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सूर्यांश के बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

डी.एस. मेमोरियल सोसाइटी चास के सचिव सुरेश अग्रवाल ने भी सूर्यांश को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि सूर्यांश की उपलब्धि यह दर्शाती है कि निरंतर मेहनत और समर्पण से युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने सूर्यांश के उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।

सूर्यांश के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन पर विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रशिक्षकों, सहपाठियों एवं खेलप्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।