रांची।जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी छात्र आंदोलन 15वें दिन में प्रवेश कर गया। शनिवार की सुबह मंत्रियों संग हुई वार्ता के बाद अब छात्रों की नजर सरकार के अगले कदम पर है। इधर, अब जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच (देवेंद्र नाथ महतो गुट) और छात्रों के दूसरे गुट ने भी 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसके लिए रांची के अलावा दूसरे जिलों से भी छात्रों को आमंत्रित किया जाने लगा है। ट्रेन, बस या अन्य माध्यमों से शनिवार-रविवार तक रांची पहुंचने का आह्वान किया गया है| संभावना जतायी जा रही है कि इसमें करीब 50 हजार छात्र जुटेंगे।

आश्वासन नहीं, एक्शन चाहिएः जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के समन्वयक दिनबंधु मंडल के मुताबिक, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, दीपिका पांडेय, संजय यादव और चमरा लिंडा संग छात्र प्रतिनिधियों की वार्ता हुई है। 14वीं जेपीएससी रद्द करने और सीबीआई जांच की मांग उनके सामने रखी गयी है। सरकार ने आश्वासन दिया है पर हमें एक्शन चाहिए। अब इंतजार है कि सीएम क्या पहल करते हैं।

छात्रों के विधानसभा घेराव को भाजयुमो का समर्थन

जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रियाओं के खिलाफ छात्रों के विधानसभा घेराव कार्यक्रम को भाजपा युवा मोर्चा अपना समर्थन देगा। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज ने इसे लेकर कहा कि आगामी 10 अगस्त को छात्रों द्वारा विधानसभा घेराव होना है। इसे मोर्चा अपना पूर्ण समर्थन देगा। छात्रों के कंधे से कंधा मिला कर आंदोलन में खड़ा रहेगा। शनिवार को प्रेस वार्ता में उन्होंने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में नियुक्ति घोटाले का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। झारखंडी युवाओं के अधिकार एवं रोजगार के अवसरों को बाहरी लोगों के हाथों बेचने का काम किया जा रहा है। रोजगार युवाओं का अधिकार है, किसी सरकार की कृपा नहीं। श्री राज ने कहा कि पिछले 15 दिनों से छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बारिश और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भूखे-प्यासे धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। छात्रों का यह आंदोलन इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार को झारखंड के युवाओं के भविष्य की कितनी चिंता है। भारतीय जनता युवा मोर्चा छात्रों के आंदोलन के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि जेपीएससी और जेएसएसी नियुक्ति में लगे तमाम आरोपों की सीबीआई जांच कराई जाए।

आंदोलनरत छात्रों से मिले आदित्य साहू

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, सांसद प्रदीप वर्मा, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही सहित अन्य नेताओं ने आंदोलनरत छात्रों से मुलाकात की| उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए स्पष्ट किया कि उनके न्यायपूर्ण संघर्ष में भाजपा पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।

आइसा ने भी लगाया मंच


आंदोलन स्थल के समीप वाम दलों के छात्र संगठन आइसा ने भी अब बैठना शुरू कर दिया। नेहा बोरा ने संगठन प्रतिनिधियों से छात्र आंदोलन को अपना सहयोग देने के लिए उत्साहित किया। कहा कि झारखंड के छात्रों की आवाज को और मजबूती देनी है।

कॉकरोच जनता पार्टी की एंंट्री


अपने वादे के अनुसार ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के प्रतिनिधि शनिवार को रांची पहुंचे। छात्रों के आंदोलन को समर्थन दिया। सीजेपी के सदस्य अक्षय शिंदे और अन्य ने कहा कि झारखंड के बच्चों के साथ सीजेपी पूरी तरह खड़ी है। अक्षय ने कहा कि पार्टी का कोई राजनीतिक समूह नहीं है और जहां भी छात्रों के साथ अन्याय होता है, उनका हक और अधिकार छीना जाता है, वहां सीजेपी उनके साथ खड़ी होगी। सीजेपी के प्रतिनिधमंडल ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने और सीबीआइ जांच की मांग की।

पीयूष मिश्रा ने छात्रों का बढ़ाया जोश

छात्र आंदोलन में शामिल होकर बॉलीवुड अभिनेता और कलाकार पीयूष मिश्रा ने भी समर्थन दिया। भूख हड़ताल पर बैठे देवेन्द्र नाथ महतो का भी हालचाल लिया|छात्रों से बातचीत के बाद उन्होंने अपना चर्चित गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ गाकर प्रदर्शनकारियों का उत्साह बढ़ाया। गीत शुरू होते ही छात्रों ने भी उनके साथ सुर मिलाया। मौके पर श्री मिश्रा ने कहा कि उन्हें यहां आने के लिए किसी ने मजबूर नहीं किया और न ही किसी के बुलावे का इंतजार किया। छात्रों की परेशानी और उनकी आंखों में आंसू देखने के बाद उन्हें लगा कि उनके बीच जाना चाहिए।