रामगढ़। भाजपा जिला कार्यालय, रामगढ़ में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में प्रदेश पदाधिकारियों और सभी मोर्चों के अध्यक्षों की मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह उपस्थित थे। बैठक से पूर्व नेताओं ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रों और युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। बीते 21 दिनों से छात्र मर्यादित ढंग से आंदोलनरत हैं और पिछले 7 वर्षों में हुई जेएसएससी तथा जेपीएससी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। भाजपा छात्रों के इस आंदोलन को पूर्ण नैतिक समर्थन देती है और सरकार से तत्काल सीबीआई जांच की अनुशंसा करने की मांग करती है।
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि सोरेन सरकार में युवाओं की नौकरियां बेची गई हैं। यह मुद्दा अब केवल झारखंड तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे देश का विषय बन गया है। उन्होंने दिल्ली में एनडीए सांसदों द्वारा छात्रों के पक्ष में किए गए पैदल मार्च का उल्लेख किया और दिल्ली आंदोलन के दौरान प्रधानमंत्री व उनकी दिवंगत माता पर की गई अभद्र टिप्पणियों को लेकर राहुल गांधी व कांग्रेस के दोहरे रवैये पर सवाल खड़े किए।
उन्होंने जानकारी दी कि यह नियमित मासिक बैठक थी, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और पूर्व के कार्यों की समीक्षा की गई। भाजपा पदाधिकारियों की अगली बैठक दुमका में आयोजित की जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, बालमुकुंद सहाय, डॉ. प्रदीप वर्मा समेत कई शामिल थे।
