रांची। राजधानी में 21 अगस्त को जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में आयोजित छात्र आंदोलन और इसमें शामिल रही रिफॉर्म मंच की छात्रा प्रतिमा कुमारी ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत की है। इसमें उसने पुलिस से झामुमो के 8 नामजद आरोपियों के साथ मौके पर मौजूद 35-40 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज करा कर कार्रवाई की मांग की है। नामजद आरोपियों में नवीन चंचल, उत्तम यादव, शाहबाज़ मलिक, मुश्ताक आलम, आशुतोष वर्मा उर्फ सोनू वर्मा, अंकिता वर्मा, डॉ. हेमलाल कुमार मेहता और अश्विनी शर्मा के नाम शामिल हंै। प्रतिमा ने अपनी शिकायत में बताया है कि वह आंदोलन के दौरान सीएम का पुतला लेकर जब वह जा रही थी, उसी दौरान कुछ लोगों ने उसके हाथ से पुतला जबरन छीन लिया। विरोध करने और उसे वापस लेने का प्रयास करने पर उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। उसने इसी दौरान छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। मौके पर छात्रा के साथ नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, रांची महानगर जिलाध्यक्ष वरुण साहू भी उपस्थित रहे।