रांची। भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत रांची जिले की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट बुधवार को जारी कर दी गई। इसके साथ ही मतदाताओं के लिए अपने नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

रांची जिला प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे समय रहते मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी योग्य सदस्यों का नाम जरूर जांच लें। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है या नाम, पता अथवा अन्य विवरण में कोई त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि के भीतर दावा-आपत्ति दर्ज कराकर सुधार कराया जा सकता है।

ऑनलाइन और बूथ पर उपलब्ध है सूची

मतदाता अपनी जानकारी ऑनलाइन माध्यम से जांच सकते हैं। इसके अलावा संबंधित मतदान केंद्र (बूथ) पर जाकर भी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट देखी जा सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि चुनाव के दौरान किसी परेशानी से बचने के लिए अभी से अपने विवरण का सत्यापन कर लें।

उपायुक्त ने मतदाताओं से की अपील

रांची के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की अहम कड़ी है। प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सही और अद्यतन होना जरूरी है।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे सिर्फ अपना ही नहीं, बल्कि परिवार के सभी योग्य सदस्यों का नाम भी जांचें और किसी भी गलती की स्थिति में समय रहते सुधार के लिए आवेदन करें।

उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और बूथ लेवल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे मतदाताओं की सहायता सुनिश्चित करें, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।