​रांची/सिल्ली। झारखंड एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए सिल्ली अंचल कार्यालय के अमीन विनोद लोहरा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है। एसीबी की इस अचानक हुई कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार जमीन से जुड़े एक काम के एवज में अमीन ने शिकायतकर्ता से 2 लाख रुपये नकद और 4 डिसमिल जमीन की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी तुरंत एसीबी को दी। एसीबी ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई।

​इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता जैसे ही 50 हजार रुपये की पहली किश्त देने पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने अमीन को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ दबोच लिया।

​गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी अमीन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।