रांची। श्रावणी मेले के अवसर पर पहाड़ी मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम किए हैं। 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस मेले के दौरान, विशेष रूप से हर सोमवार (3, 10, 17 और 24 अगस्त) तथा श्रावणी पूर्णिमा (28 अगस्त) को विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक रूट लागू रहेगा। मंदिर में भी पूजा अर्चना के लिए विशेष प्रबंध किये गये हैं।

शहर को जाम से बचाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि शहर के विभिन्न हिस्सों से आने वाली गाड़ियों के लिए पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था की गई है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शनि मंदिर से पहाड़ी मंदिर मार्ग, दुर्गा मंदिर से पहाड़ी मंदिर मार्ग, मीनाक्षी गली से पहाड़ी मंदिर की ओर जाने वाला रास्ता,गोशाला कटिंग से पहाड़ी मंदिर मार्ग और बालाजी मंदिर से पहाड़ी मंदिर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा।

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कहा कि जरूरत पड़ने पर अन्य व्यस्त रास्तों पर भी अस्थायी रूप से रूट डायवर्ट किया जा सकता है। श्रद्धालुओं से अपील है कि वे पहाड़ी मंदिर के आसपास अपने दोपहिया या चारपहिया वाहन पार्क न करें और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें।