रांची।राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और पक्षपात का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। शनिवार को राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदेश राजद के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम दास सिंह ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में जहां जनमत राजद के पक्ष में था, वहां मतदाता सूची में जानबूझकर गड़बड़ी की गई ताकि भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचाया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के नाम पर साजिश के तहत लाखों वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। दावा किया गया कि अकेले बिहार में लगभग 65 लाख और पश्चिम बंगाल में करीब 27.16 लाख वोटरों के नाम काटे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग के अन्य दो चुनाव आयुक्तों (सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी) ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों पर लिखित आपत्ति दर्ज कराई है, जो उनकी कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव ने कहा कि राजनीतिक दलों द्वारा लगातार ईवीएम की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए जाने के बाद भी चुनाव आयोग का रवैया उदासीन बना हुआ है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनका एकमात्र उद्देश्य किसी भी तरह भाजपा को सत्ता में बनाए रखना है।
इस विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव इरफान अंसारी, प्रदेश सचिव राम कुमार यादव, महानगर अध्यक्ष शाहबाज अहमद, युवा राजद उपाध्यक्ष क्षितिज मिश्रा, महानगर रांची युवा अध्यक्ष रविन्द्र कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
