देवघर। सावन की पहली सोमवारी (3 अगस्त) को लेकर बाबा नगरी देवघर में जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पहली सोमवारी पर दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में 10 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इस बार भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित तकनीक की मदद ली जा रही है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां और उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा ने मेला क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नेहरू पार्क, बाबा मंदिर प्रांगण और शिवगंगा सहित आसपास के प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा, सुगम जलार्पण और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम पहुंचे, जहां उन्होंने क्राउड मैनेजमेंट और सुरक्षा को लेकर तकनीकी अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि एआई तकनीक के जरिए भीड़ के घनत्व, रूट लाइन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

श्रद्धालुओं की सुविधा और मंदिर परिसर की पवित्रता बनाए रखने के लिए उपायुक्त ने बाबा मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में 24 घंटे विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। नगर निगम अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई कि स्वच्छता मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की रोटेशन आधारित प्रतिनियुक्ति की गई है।

मेला क्षेत्र में तैनात सभी दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा बलों को कड़े निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि देवघर आने वाले श्रद्धालु 'देवतुल्य' हैं। प्रशासन का हर कर्मचारी पूर्ण संवेदनशीलता और 'सेवा भाव' के साथ कांवरियों का सहयोग करे, ताकि श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुगम और सुखद आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो सके।