कोडरमा। सावन के पवित्र महीने में बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए निकले श्रद्धालुओं की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। शुक्रवार अहले सुबह सतगावां थाना क्षेत्र अंतर्गत देवघर-नवादा मुख्य मार्ग स्थित पोखरडीहा मोड़ के पास कांवरियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में एक बच्चे सहित 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 15 कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गए।

​दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा रेफर कर दिया गया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब चार दिन पूर्व नेपाल से लगभग 45 कांवरियों को लेकर यह बस देवघर गई थी। देवघर में दर्शन-पूजन के बाद गुरुवार रात बस बासुकीनाथ से बिहार के राजगीर के लिए रवाना हुई थी। शुक्रवार तड़के पोखरडीहा मोड़ के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी।

​टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और यात्री अंदर ही फंस गए। तेज आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य शुरू किया और फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।